MP: महाकाल के गर्भगृह में घुसे महाराष्ट्र के सीएम के बेटे, सांसद श्रीकांत शिंदे पत्नी और दो लोगों को साथ ले गए

उज्जैन। महाकाल मंदिर में वीआईपी लगातार नियम तोड़ रहे हैं। गुरुवार शाम महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे सांसद श्रीकांत शिंदे गर्भगृह में प्रवेश कर गए। पत्नी और दो लोगों को भी साथ ले गए। गर्भगृह में चारों 6 मिनट तक रहे।

वीआईपी श्रद्धालुओं के गर्भगृह में प्रवेश के फोटो – वीडियो सामने आए हैं। शाम 5.38 बजे सांसद श्रीकांत शिंदे, उनकी पत्नी और दो अन्य लोग गर्भगृह में प्रवेश करते दिखाई दिए। भगवान महाकाल के शृंगार के दौरान चारों ने शिवलिंग के पास बैठकर पूजा की।
बता दें, मंदिर के गर्भगृह में किसी भी श्रद्धालु के प्रवेश पर 1 साल से रोक लगी हुई है। सिर्फ पंडे – पुजारियों को ही प्रवेश की अनुमति है। श्रद्धालु शिवलिंग से 50 फीट दूर से दर्शन कर सकते हैं। 4 महीने में यह चौथी बार है, जब किसी वीआईपी ने मंदिर के नियम तोड़े हैं।

कांग्रेस विधायक ने जताया विरोध, जिम्मेदार बोले- अनुमति नहीं दी, एक्शन लेंगे

तराना (उज्जैन) से कांग्रेस विधायक महेश परमार ने कहा, आम श्रद्धालु लंबी लाइन में लगकर बाबा के दरबार में पहुंचता है। उनको दूर से दर्शन करवा रहे हैं और वीआईपी बिना परमिशन गर्भगृह में प्रवेश कर रहे हैं। हम इसका विरोध करते हैं।

उज्जैन कलेक्टर और महाकाल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा, हमने किसी को भी गर्भगृह में जाने की अनुमति नहीं दी है।
गर्भगृह निरीक्षक और जो भी इस मामले में दोषी होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी। – गणेश धाकड़, प्रशासक, महाकाल मंदिर

बड़ा सवाल, किसी ने रोका क्यों नहीं?
गुरुवार को श्रीकांत शिंदे और उनके साथ आए लोग जब महाकाल मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर रहे थे, तब उनके साथ सुरक्षा प्रभारी जयंत राठौर और गर्भगृह निरीक्षक भी थे। इनके प्रवेश पर रोक क्यों नहीं लगाई गई, यह बड़ा सवाल है।

कल्याण से तीन बार के सांसद हैं शिंदे
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे मुंबई की कल्याण लोकसभा सीट से तीन बार के सांसद हैं। वे 2014, 2019 और फिर 2024 में शिव सेना पार्टी से चुनाव जीते और सांसद बने। वे ऑर्थोपेडिक सर्जन भी हैं।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles