रतलाम महापौर का VIDEO..जो गद्दारी करेगा, उसे बर्दाश्त नहीं करेंगे, चुनाव के समय हाथ क्यों कांपते हैं…

रतलाम। रतलाम के बीजेपी के महापौर प्रहलाद पटेल का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र का है। मंच से महापौर कह रहे है कि मुस्लिम समाज को भाजपा ने किसी भी योजना से अलग नहीं रखा है। फिर भी चुनाव के समय हाथ कांप जाते है। हाथ नहीं कांपना चाहिए। अगर आपने इस मिट्‌टी में जन्म लिया है तो हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने में गर्व महसूस होना चाहिए, शर्म नहीं। आज बहुत से ऐसे धर्मगुरु है जो बच्चों को गलत शिक्षा देते है। बच्चों के अंदर नफरत डालते है। हमे जागना होगा। हमारे घर के बड़े लोगों को जागना होगा। ऐसी शिक्षा से दूर रखे।

दरअसल शहर के मोमिनपुरा में 10 अक्टूबर को संजीवनी क्लीनिक का शुभारंभ हुआ था। शुक्रवार को क्षेत्रवासियों ने सम्मान और आभार कार्यक्रम रखा था। इसी दौरान मंच से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उक्त बातें महापौर ने कही है। महापौर के भाषण का वीडियो अब वायरल हो रहा है। मंच पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय समेत भाजपा के नेता व क्षेत्र के लोग भी मौजूद रहे।
महापौर ने क्षेत्रवासियों से कहा कि आपने कांग्रेस का शासन देखा। गुलामी का शासन आपके पूर्वजों ने देखा। भारतीय जनता पार्टी का शासन देखा। उसमें आपको कभी लगा कि भाजपा ने किसी भी समाज के साथ या किसी वर्ग के साथ भेदभाव किया। क्या आपके पास आयुष्मान कार्ड नहीं है। प्रधानमंत्री आवास नहीं है। हिंदुस्तान में 80 करोड़ जनसंख्या को निशुल्क अनाज का वितरण किया जाता है। जिसमें आप पात्र नहीं है।

ऐसी कौन सी योजना है, जिसमें मुस्लिम समाज को भाजपा ने अलग कर रखा है, तो फिर चुनाव के वक्त हमारे हाथ क्यों कांप जाते है। नहीं कांपना चाहिए। अगर आपने इस मिट्‌टी में जन्म लिया है और इस मिट्‌टी से प्यार करते है। जो हिंदुस्तान में जन्मा है, जो इस मिट्‌टी से प्यार करता है, उसे हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाना में गर्व महसूस होना चाहिए। शर्म नहीं आना चाहिए।

जो लोग इस मिट्‌टी को अपना नहीं मानते है, उन लोगों को भी आपको अपना नहीं मानना चाहिए। चाहे वह मुसलमान हो या किसी भी वर्ग का हो।
महापौर ने यहां तक कहा कि जो इस मिट्‌टी से गद्दारी करेगा, उसे हम नहीं बर्दाश्त करेंगे। चाहे वह किसी भी वर्ग का हो। हिंदुस्तान प्रेम व मोहब्बत से पूरे विश्व में जाना जाता है। लेकिन आज केवल सिर्फ किताबों व बोली में जाना जाता है। नफरत हमारे बीच से फैलाई जा रही है। इसको समझाना चाहिए। झूठी बातों में नहीं आना चाहिए। हिंदुस्तान ऐसा देश है जहां मुसलमानों सुरक्षित है। महापौर ने यह भी कहा कि मेरे गांव में 7 मुस्लिम परिवार है उनके गोदी में मैं खेला हुआ। कभी यह बात नहीं आई।

लेकिन यह बातें दिमाग में कौन डालता है। बहुत से ऐसे धर्मगुरु है जो बच्चों को गलत शिक्षा देते है। बच्चों के अंदर नफरत डालते है। हमे जागना होगा। हमारे घर के बड़े लोगों को जागना होगा। ऐसी शिक्षा से दूर रखे। क्योकि इनका भविष्य खराब होगा। आपका जीवन निकल गया और उनका आ रहा है। नफरत से कभी कोई देश व कौम सुरक्षित नहीं रही है। एक दिन लड़कर खत्म होना है। क्यों ना प्रेमभाव से रहे। प्रेम से सब कुछ संभव है। प्रेम में ही आनंद है।

Exit mobile version