MP : बुधनी सीट पर भाजपा प्रत्याशी का विरोध शुरू,bपूर्व मंत्री के सामने हुआ हंगामा

भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की परंपरागत बुधनी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए भाजपा ने रमाकांत भार्गव को प्रत्याशी बनाया है। लेकिन भाजपा में ही उनका विरोध शुरू हो गया है।

मंगलवार को बुधनी विधानसभा उपचुनाव को लेकर सह प्रभारी बनाए गए पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत भेरूंदा पहुंचे थे। यहां उन्हें कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमें रमाकांत भार्गव जैसा प्रत्याशी मंजूर नहीं है। संगठन ने अपना निर्णय नहीं बदला तो फिर कार्यकर्ता परिणाम बदलने की ताकत भी रखता है। कार्यकर्ताओं ने राजेन्द्र सिंह राजपूत को प्रत्याशी बनाने की मांग की है।

कार्यकर्ताओं ने दी चुनाव में परिणाम भुगतने की चेतावनी
दरअसल, बुधनी विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के घोषित प्रत्याशी रमाकांत भार्गव से असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने एक बैठक रखी थी। नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत यहां पहुंचे थे। वे सभी को संबोधित कर रहे थे। तभी कार्यकर्ताओं ने उनके सामने कहा कि प्रदेश और केंद्रीय संगठन ने कार्यकर्ता और जनता की भावनाओं का सम्मान नहीं किया है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी की ओर से घोषित उम्मीदवार हमें कतई मंजूर नहीं है। संगठन को अपना फैसला बदलना होगा। संगठन ने राजेन्द्र सिंह राजपूत को प्रत्याशी नहीं बनाया तो चुनाव में इसके परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे।
बैठक में कार्यकर्ताओं के भारी विरोध के कारण रामपाल सिंह राजपूत को भाषण बीच में ही छोडना पड़ा। हालांकि, इस दौरान वे बार-बार उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे। लेकिन कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। प्रत्याशी बदलने की मांग पर अड़े रहे। कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशी नहीं बदलने पर कांग्रेस के समर्थन में वोटिंग तक करने की बात कह दी।
निर्णय पार्टी का, आपकी बात संगठन तक पहुंचाएंगे
बैठक में चुनाव सह प्रभारी रामपाल सिंह राजपूत ने संबोधित करते हुए कहा कि..
हम सब लोगों ने मिलकर कार्तिकेय सिंह चौहान का नाम केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा था। लेकिन, परिवार के सदस्य का नाम होने के कारण दिल्ली में आयोजित बैठक में शिवराज सिंह चौहान नहीं गए। इसलिए जो निर्णय केंद्रीय नेतृत्व ने लिया हैं, वह पार्टी का है। आप लोगों की भावनाओं को सुनने के लिए मैं आपके बीच आया हूं, आपकी बात को संगठन के बीच रखूंगा।
भावुक हुए टिकट के दावेदार रहे राजेंद्र सिंह राजपूत

बैठक में बुधनी विधानसभा उपचुनाव के लिए टिकट के दावेदार रहे राजेन्द्र सिंह राजपूत भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि उन्होंने भी पार्टी संगठन के निर्णय को पीड़ा दायक बताया। वे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा –
मैंने इस बैठक में कार्यकर्ताओं को आने से रोकने का भरपूर प्रयास किया। लेकिन, मैं कार्यकर्ताओं के हिम्मत-हौसले को सलाम करता हूं, जिन्होंने एक बुलावे पर इस बैठक में आकर मेरा मान और सम्मान रखा। कार्यकर्ताओं की तपस्या भंग ना हो, इसलिए मैंने यह बैठक आहूत की। कार्यकर्ताओं का जो निर्णय होगा वह मेरे लिए सर्वमान्य होगा। मुझे पद का कोई लालच नहीं हैं। हम अपनी बात मर्यादित रूप से संगठन तक पहुंचाएंगे। लेकिन, प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व ने जो निर्णय लिया हैं वह पीड़ादायक है।

img 20241023 1254054792533607521277547
MP : बुधनी सीट पर भाजपा प्रत्याशी का विरोध शुरू,bपूर्व मंत्री के सामने हुआ हंगामा 3

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles