MP: इंदौर पुलिस ने केस डायरी ही गुमा दी, पूर्व विधायक बरी…कोर्ट ने कहा- आरोपी को बचाने ऐसा किया

इंदौर। ये तो साबित हो गया कि पूर्व पार्षद को गोली लगी थी, लेकिन गोली जोशी ने मारी थी ये साबित नहीं हो पाया। मौके पर उनकी मौजूदगी भी साबित नहीं हुई। न हथियार जब्त हुआ और न ही गोली। पुलिस ने केस डायरी ही गुमा दी। इंदौर में मई 2006 में कांग्रेस के पूर्व पार्षद को सरेराह गोली मार दी गई। कांग्रेस के ही तत्कालीन विधायक अश्विन जोशी पर गोली चलाने का आरोप लगा। मामले में 18 साल बाद कोर्ट का फैसला आया है, जिसमें अश्विन जोशी सहित अन्य आरोपियों को कोर्ट ने बरी कर दिया है।

कोर्ट में बताया गया, 3 मई 2006 को झण्डा चौक स्थित ट्यूबवेल की मोटर निकालने का काम पार्षद मुन्ना अंसारी कर रहा था। अश्विन जोशी ने रोका तो दोनों के बीच विवाद हुआ। अंसारी ने आरोप लगाया कि अश्विन ने उसे निपटा देने की धमकी दी थी। रात को गोली मार दी। मामले में पूर्व विधायक अश्विन जोशी, इलियास, मुन्ना शर्मा और एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज हुआ।

कोर्ट में मुन्ना अंसारी ने कहा, घटना 3 मई 2006 की रात करीब 12 बजे एबी रोड पर मेडिकल कॉलेज के सामने सुयश अस्पताल के पास की है। मैं अपने साथी अबरार के साथ बाइक पर घर से गीता भवन चौराहे की ओर जा रहा था। बाइक अबरार चला रहा था। हमारे पीछे एक बाइक और स्कूटर पर चार लोग आ रहे थे। स्कूटर को मुन्ना शर्मा चला रहा था और आरोपी अश्विन जोशी पीछे बैठा था।
बाइक इलियास चला रहा था। उसके पीछे बैठे व्यक्ति को नहीं जानता। हमारे पास आकर अश्विन जोशी ने कहा कि बहुत नेतागिरी करता है, आज निपटा देंगे। यह कहते हुए जोशी ने रिवॉल्वर निकाली और गोली चला दी। गोली बांयी ओर कमर के थोड़ा ऊपर लगी और दाहिनी ओर पेट के पास से बाहर निकल गई।

इसी दौरान परिचित अनवर और गुलरेज बाइक से आ रहे थे। अबरार, गुलरेज, अनवर और चार-पांच लोग मुझे एमवाय अस्पताल ले गए। यहां से सीएचएल अपोलो अस्पताल ले गए। सीएचएल अस्पताल में ऑपरेशन के पहले रात 2.30 बजे बयान लिए गए। 15-20 दिन भर्ती रहा। अस्पताल से छुट्‌टी होने के बाद अश्विन जोशी ने मेरे ऊपर तीन बार हमला और करवाया था।

अंसारी के साथी ने कहा- मुझे नहीं पता किसने गोली मारी
मोहम्मद अबरार ने कोर्ट ने बताया, मैं बाइक चला रहा था। पीछे मुन्ना अंसारी बैठे थे। रास्ते में तेज आवाज आई तो मैंने कहा कि बाइक का टायर फट गया है। इस पर मुन्ना ने कहा कि टायर नहीं फटा, गोली लगी है। मैंने बाइक घुमाई और उसे तुरंत एमवाय अस्पताल ले गया। मुझे नहीं पता कि मुन्ना को किसने गोली मारी थी। मुन्ना ने ही बताया था कि उसे अश्विन जोशी ने उसे गोली मारी थी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles