MP: सागर के अस्पताल में आग, ऑक्सीजन सिलेंडर फटा:स्टोर रूम से उठीं ऊंची-ऊंची लपटें

सागर। सागर में एक प्राइवेट अस्पताल में भीषण आग लग गई। आग अस्पताल परिसर स्थित स्टोर रूम में लगी। देखते ही देखते ऊंची ऊंची लपटें उठने लगी। इस दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में तेज धमाका भी हुआ।

घटना खुरई रोड स्थित भाग्योदय तीर्थ अस्पताल में सोमवार शाम की है। सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और सेना की फायर गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। बताया जा रहा है कि शाम 6 बजे आग लगी, जिसे ढाई घंटे की मशक्कत के बाद करीब 8.30 बजे तक बुझा लिया गया।एडिशनल एसपी संजीव उईके ने बताया कि स्टोर रूम में आग लगी है। कारण का पता नहीं चला है। जनहानि नहीं हुई है। लेकिन नुकसान जरूर हुआ है। आर्मी की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलवाई गई।

अस्पताल में धुआं भरा, परिजन मरीजों को पीछे की तरफ ले गए
प्रत्यक्षदर्शी शैलेंद्र सिंह ने बताया, ‘मैं शाम 6 बजे के आसपास पिता की रिपोर्ट और दवा लेने आया था। मेडिकल स्टोर पर दवा ले रहा था। इसी समय शोर सुनाई दिया कि आग लग गई है। तेज धमाके साथ आग भयावह हो गई। अस्पताल के स्टाफ ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन काबू नहीं पा सके। स्टोर रूम से आग मेडिकल स्टोर तक फैल गई। अस्पताल में भी धुआं भर गया। परिजन अपने-अपने मरीजों को पीछे की तरफ ले गए।’

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles