MP: ड्रग तस्कर ने खुद को मारी गोली:मंदसौर में पिस्टल लेकर थाने पहुंचा था; 1814 करोड़ की ड्रग्स मामले में था फरार

भोपाल। भोपाल में एक फैक्ट्री में पकड़ी गई 1814 करोड़ की ड्रग्स के मामले में आरोपी प्रेमसुख पाटीदार ने थाने में खुद को गोली मार ली। वह बुरी तरह से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।

घटना मंदसौर के अफजलपुर थाने की है। प्रेमसुख पाटीदार शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे अवैध पिस्टल लेकर थाने पहुंचा। यहां पुलिस के सामने खुद के पैर में गोली मार ली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पिस्टल जब्त कर ली। फिर अस्पताल पहुंचाया।

आरोपी हरीश आंजना ने लिया था प्रेमसुख का नाम
बता दें कि भोपाल के बगरौदा इंडस्ट्रियल एरिया में ड्रग्स फैक्ट्री मामले में पुलिस पहले मंदसौर के माल्या खेरखेड़ा निवासी हरीश आंजना को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस पूछताछ में आरोपी हरीश आंजना ने बताया था कि उसने हथुनिया निवासी प्रेमसुख पाटीदार से भी एमडी ड्रग की खरीद-फरोख्त की थी। इसके बाद से ही पुलिस की कई टीमें प्रेमसुख पाटीदार की तलाश में छापामारी कर रही थीं।
मंदसौर एसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि पुलिस ने प्रेमसुख नाम के आरोपी को पकड़ा है। वह एनसीबी और अन्य एजेंसियों के केस में वांटेड था। मंदसौर पुलिस इसकी तलाश कर रही थी।

एसपी अभिषेक आनंद ने बताया – ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस की पूछताछ से बचने के लिए वह खुद के पैर पर गोली मारकर थाने आ गया। इसे अभी जिला अस्पताल में एडमिट किया है। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। इलाज के बाद आरोपी से पूछताछ कर साथियों की जानकारी लेंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई करेंगे।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles