MP: पन्ना में दूषित पानी पीने से फैला डायरिया:देवरीपुरवा गांव में दो दिन में दो महिलाओं की मौत

पन्ना। जिले के अजयगढ़ जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत केवटपुर के मजरा देवरीपुरवा गांव में दो दिनों में उल्टी-दस्त से पीड़ित दो महिलाओं की मौत हो गई। वहीं चार लोग अभी भी बीमार हैं, जिसमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी का इलाज अजयगढ़ अस्पताल में किया जा रहा है। गांव के लोगों ने हैंडपंप का पानी पीने के बाद सभी के बीमार पड़ने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार पन्ना जिले के देवरीपुरवा गांव निवासी सपना केवट पति संतोष केवट (30) को बुधवार अचानक उल्टी दस्त होने लगे। परिजन उसका स्थानीय स्तर पर इलाज कराते रहे।हालत गंभीर हो जाने से गुरुवार देर रात उसकी मौत हो गई। इसके बाद गांव में एक के बाद एक केवट परिवार के 5 लोग बीमार हो गए। इसकी जानकारी बीएमओ डॉ सुनील अहिरवार को दी गई।

इसके बाद शुक्रवार को बीएमओ और सीएमएचओ डॉ. एसके त्रिपाठी टीम के साथ गांव पहुंचे और लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर अस्पताल में इलाज कराने की समझाइश दी। सीएमएचओ ने मैदानी अमले को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए।इस दौरान शुक्रवार को ही 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला कस्सी बाई पति जमुना केवट की हालत बिगड़ने पर मौत हो गई। गांव के अन्य चार अन्य लोग अभी भी उल्टी-दस्त से पीड़ित है, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अजयगढ़ अस्पताल में भर्ती करवाया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

दूषित पानी पीने से बीमार होने की आशंका

बीएमओ डॉ. सुनील अहिरवार ने बताया कि दो महिलाओं की मौत के बाद गांव में टीम तैनात की गई है। गांव के लोग हैंडपंप का पानी पी रहे हैं। हैंडपंप के पास तलैया हैं, जहां गंदगी फैली हुई है। यही पानी हैंडपंप तक पहुंच रहा है।आशंका हैं कि हैंडपंप का दूषित पानी पीकर ही केवट परिवार के लोग बीमार हुए हैं। पीएचई विभाग को मामले की जानकारी दी गई है।
वहीं सीएमएचओ डॉ. एसके त्रिपाठी ने बताया कि देवरीपुरा गांव में उल्टी दस्त की वजह से केवट परिवार के 6 लोग बीमार पड़ गए थे। जिसमें से दो महिलाओं की मौत हो गई है। बाकी लोगों का इलाज किया जा रहा है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles