MP CS: नया मुख्य सचिव बनने से पहले सुलेमान हुए मंत्रालय से बाहर, नए सीएस को लेकर फिर चर्चा तेज हुई 

भोपाल। नए मुख्य सचिव के लिए 15 सितम्बर तक नाम सामने आने के कयासों के बीच मोहन यादव सरकार ने अपर मुख्य सचिव मो. सुलेमान को मंत्रालय के बाहर पदस्थ कर दिया है। अब वे कर्मचारी चयन मंडल (व्यापमं) के अध्यक्ष के रूप में काम करेंगे। इसके साथ ही नए मुख्य सचिव के नाम को लेकर अब जल्दी ही फिर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। हालांकि राजेश राजोरा अभी भी सीएस की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं।

अगस्त में किए गए तबादले में अपर मुख्य सचिव मो. सुलेमान को कृषि उत्पादन आयुक्त बनाए जाने के बाद ही यह संभावना जताई जाने लगी थी कि जल्दी ही उन्हें मंत्रालय से बाहर पदस्थ किया जा सकता है। इस पर अब अमल भी हो गया है। सुलेमान को कर्मचारी चयन मंडल के अध्यक्ष संजय बंदोपाध्याय के 31 अगस्त को रिटायर होने के बाद अब कर्मचारी चयन मंडल का नया अध्यक्ष बनाया गया है। सुलेमान के पास कर्मचारी चयन मंडल अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार अभी रहेगा। सुलेमान को मंत्रालय से बाहर पदस्थ किए जाने के बाद अब वे मुख्य सचिव पद की दौड़ से पूरी तरह बाहर माने जा रहे हैं।

तीन दिन दबाए रखा जीएडी ने आदेश

एसीएस मो. सुलेमान को कर्मचारी चयन मंडल का अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपने का आदेश तीन सितम्बर को जारी हो गया था लेकिन जीएडी के अफसर इसे तीन दिन तक दबाए रहे। आज सुबह से सुलेमान को अध्यक्ष की जिम्मेदारी देने की चर्चा सामने आई तो जीएडी ने यह आदेश सार्वजनिक किया।

तीस सितम्बर को खत्म होगा वीरा का कार्यकाल

मुख्य सचिव वीरा राणा का छह माह का एक्सटेंशन तीस सितम्बर को खत्म होने वाला है। यह भी माना जा रहा है कि अब उन्हें एक्सटेंशन नहीं दिलाया जाएगा। ऐसे में नए मुख्य सचिव के नाम पर 15 सितम्बर तक मुहर लगने की उम्मीद है। इस दौड़ में सबसे आगे केंद्र में पदस्थ अनुराग जैन का नाम है। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा का नाम है। अन्य दावेदारों में एसएन मिश्रा, विनोद कुमार, जेएन कंसोटिया हैं। विनोद कुमार पहले से मंत्रालय से बाहर हैं, इसलिए वे भी दौड़ में शामिल नहीं रह गए हैं। एसएन मिश्रा का जनवरी 2025 में रिटायरमेंट है। इसलिए दौड़ में होने के बाद भी संभावना कम जताई जा रही है।

Exit mobile version