MP छतरपुर: रातभर जिला चिकित्सालय में तड़पता रहा मरीज, इलाज नहीं किया, मौत.. डेढ़ घंटे चक्काजाम किया
![MP छतरपुर: रातभर जिला चिकित्सालय में तड़पता रहा मरीज, इलाज नहीं किया, मौत.. डेढ़ घंटे चक्काजाम किया 1 IMG 20250208 145333](https://www.vishleshan.co.in/wp-content/uploads/2025/02/IMG_20250208_145333-645x470.jpg)
आरोप- डॉक्टर-नर्स ने इलाज के लिए पैसे मांगे
छतरपुर। स्थानीय जिला अस्पताल में एक युवक की मौत के बाद परिजन ने मुख्य सड़क पर डेढ़ घंटे तक जाम लगाए रखा। परिजन का आरोप है कि सड़क हादसे के बाद युवक को अस्पताल ले जाया गया था, यहां डॉक्टर और स्टाफ ने मामूली इलाज कर वार्ड में शिफ्ट कर दिया। उसकी हालत गंभीर थी। हम इधर-उधर दौड़ लगाते रहे लेकिन, अस्पताल में किसी ने नहीं सुनी। युवक तड़पता रहा और देर रात दम तोड़ दिया।
परिजन का यह भी कहना है कि जिला अस्पताल में मौजूद डॉक्टर और नर्स इलाज के लिए पैसे मांग रहे थे। इलाज में लापरवाही के कारण युवक की मौत हुई है। न्याय के लिए जाम लगाया है। चक्काजाम के दौरान परिजन अस्पताल में भर्ती मृतक पत्नी और बेटियों को भी घायल हालत में स्ट्रेचर पर बाहर ले आए। शनिवार सुबह 7.30 बजे सड़क पर बैठे ग्रामीण और परिजन पुलिस की समझाइश पर करीब 9 बजे उठे।
दरअसल, ब्रजपुरा का रहने वाला संजय आदिवासी (27) शुक्रवार को अपने परिवार के साथ रामघाट झमटुली मेले से लौट रहा था। रास्ते में देवगांव में शाम करीब 7.30 बजे सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। पत्नी अंजलि और दो बेटियां दीप्ति (7) और नित्या (5) को भी चोटें आई हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां संजय की मौत हो गई।
डेढ़ घंटे बाद खुलवाया जाम
सीएसपी अमन मिश्रा ने बताया, अस्पताल में इलाज न मिलने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसी से नाराज होकर परिजन ने छत्रसाल चौक पर जाम लगाया था। चौक बाजार रोड, जिला न्यायालय रोड, पन्ना रोड और चौबे तिराहा रोड पर दो घंटे तक कई लोग फंसे रहे। जानकारी लगने पर थाना कोतवाली और सिविल लाइन की पुलिस ने समझाइश देकर जाम को खुलवाया। उनकी मांग है कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही की जांच कर दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए।
सिविल सर्जन जीएल अहिरवार ने कहा, अस्पताल में पैसे लेने और इलाज में लापरवाही के आरोप की जांच की जाएगी।