MP: 5 लाख रुपए रिश्वत लेते पकड़ाया सब इंजीनियर:बिल पास करने भाजपा नेता से मांगे साढ़े 15 लाख रुपए

खरगोन। कसरावद में मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण का सब इंजीनियर राहुल मंडलोई 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया है। इंदौर की लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को ये कार्रवाई की है।सब इंजीनियर राहुल मंडलोई ने भाजपा नेता और मध्यप्रदेश कांट्रैक्टर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाटीदार से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 5 लाख रुपए मांगे थे। उन्होंने प्रकाश पाटीदार का काम देखने वाले ओमप्रकाश से डील की थी।

बिल निकालने के एवज में मांगे थे साढ़े 15 लाख रुपए

दरअसल, मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण की महेश्वर इकाई के तहत निमरानी से बोरावा और लोहारी फाटे से सिप्टान तक रोड निर्माण किया गया था। जिसके बिल निकालने की एवज में इंजीनियर ने कांट्रैक्टर से 15 लाख 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।

जिसके बाद ओमप्रकाश ने 16 अक्टूबर को लोकायुक्त एसपी इंदौर राजेश सहाय को शिकायत की थी। लोकायुक्त टीम ने शिकायत पर जांच की तो वह सही निकली। जिसके बाद बुधवार को शाम 5:30 बजे आरोपी इंजीनियर 5 लाख रुपए लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 में कार्रवाई की।

1 करोड़ 70 लाख रुपये के बिल अटके थे
निमरानी से बोरावा और लोहारी फाटे से सिप्टान तक रोड का निर्माण लगभग 3 साल पहले हो चुका है। जिसके 70 लाख रुपए के बिल का भुगतान नहीं हो रहा था। आरोप है कि सब इंजीनियर ने बिल अटका कर रखे थे। ठेकेदार का सहयोगी ओमप्रकाश लगातार इस संबंध में निवेदन कर रहा था। लेकिन इंजीनियर इसके बदले रिश्वत की मांग पर अड़ा हुआ था।

रिश्वत की रकम लेने कॉन्ट्रैक्टर के घर पहुंचा था इंजीनियर
इंजीनियर रिश्वत की पहली किस्त 5 लाख रुपए लेने के लिए कांट्रैक्टर प्रकाश पाटीदार के सहयोगी ओमप्रकाश पाटीदार के घर पहुंचा था। इसी दौरान लोकायुक्त की टीम ने उसे पकड़ लिया और रेस्ट हाउस कसरावद लेकर आई। यहां पूरी कार्रवाई हुई।

img 20241023 wa00174757450103858490461
MP: 5 लाख रुपए रिश्वत लेते पकड़ाया सब इंजीनियर:बिल पास करने भाजपा नेता से मांगे साढ़े 15 लाख रुपए 3

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles