MP: भाजपा नेता ने पुलिस वाले को मारे थप्पड़:चल समारोह में नाच रहा था, आगे बढ़ने को कहा तो भड़का

मैहर। मैहर में भाजपा नेता ने एक पुलिसकर्मी को सरेआम थप्पड़ मारे। इसका वीडियो सामने आया है। घटना रविवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के चल समारोह निकलने के दौरान हुई। पुलिसकर्मी ने भाजपा नेता को आगे बढ़ने को कहा था, जिसके बाद वह भड़क गया। उसने पुलिसवाले से मारपीट शुरू कर दी।

घटना के 24 घंटे बाद पुलिस ने आरोपी नेता को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। उसका सड़क पर जुलूस निकाला। आरोपी का नाम अरुण चौरसिया है। उसकी पत्नी अर्चना चौरसिया वार्ड 12 से निर्दलीय पार्षद चुनी गई थीं। बाद में उसने भाजपा को समर्थन दे दिया। विधानसभा चुनाव के समय अरुण चौरसिया ने भी भाजपा जॉइन कर ली थी। वह भाजपा मंडल का उपाध्यक्ष है।

चल समारोह में नशे में धुत होकर नाच रहा था
रविवार को दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के चल समारोह निकाला जा रहा था। आरक्षक गुड्‌डू यादव यहां ड्यूटी पर तैनात था। चल समारोह शारदा टॉकीज चौराहे पर पूर्वी दरवाजे के पास पहुंचा तो नशे में धुत पार्षद पति अरुण चौरसिया अपने साथियों के साथ सड़क पर नाचने लगा। इससे चल समारोह की गति धीमी पड़ गई। ट्रैफिक जाम होने लगा था।

आगे बढ़ने को कहा तो मारपीट करने लगा
पुलिस आरक्षक गुड्‌डू यादव ने सामान्य तौर पर अन्य लोगों के साथ ही भाजपा नेता को भी आगे बढ़ने को कहा। इस पर वह भड़क गया और आरक्षक की ओर झपटा और मारपीट करने लगा। यह देखकर अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंचे और उन्हें अलग कराया। इसी समय किसी ने वीडियो बना लिया।

पुलिस अफसरों ने दिए थे FIR के निर्देश
मामला सामने आने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अफसरों ने भाजपा नेता अरुण चौरसिया के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए थे। अरुण चौरसिया मैहर नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष भोला चौरसिया का पुत्र हैं। वह इसके पहले भी कई बार विवाद कर चुका है।

MP: भाजपा नेता ने पुलिस वाले को मारे थप्पड़:चल समारोह में नाच रहा था, आगे बढ़ने को कहा तो भड़का 6
Exit mobile version