Bhopal: सरोजिनी नायडू गर्ल्स स्कूल में बदसलूकी, छात्राओं ने तोड़फोड़ की:प्रदर्शन में 15 छात्राएं बेहोश

देर से आने पर मैडम झाड़ू-पोंछा कराती, घास कटवाती हैं

भोपाल। राजधानी भोपाल के सरोजिनी नायडू गर्ल्स स्कूल (नूतन स्कूल) की छात्राओं ने बुधवार को प्रदर्शन किया। स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी और अंदर घुसकर तोड़फोड़ भी की। इस दौरान 15 छात्राएं बेहोश हो गईं।

छात्राओं का आरोप है, ‘देर से आने पर स्कूल की HR मैनेजर वर्षा झा उनसे सफाई कराती हैं, घास कटवाती हैं। मौके पर शिक्षा विभाग के अफसर और कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद भी पहुंच गए। हंगामा बढ़ता देख HR मैनेजर वर्षा झा को स्कूल से हटा दिया गया।

HR मैनेजर आर्मी से रिटायर्ड कैप्टन
वर्षा झा आर्मी से रिटायर्ड कैप्टन हैं। ओपन स्कूल की ओर से उन्हें एक महीने पहले ही HR एंड एस्टेट मैनेजर अपॉइंट किया या था। प्रदर्शन के दौरान नाराज छात्राओं ने झा की नेम प्लेट को तोड़कर पैरों से रौंदा। छात्राओं का कहना है कि वे स्कूल में आर्मी के रूल्स फॉलो करवाना चाहती हैं। वैसी ही सजा देती हैं।स्कूल की प्रिंसिपल मालिनी वर्मा का कहना है कि छात्राओं की नाराजगी वर्षा से है ना कि दूसरे टीचर्स से। समझाइश के बाद छात्राओं ने प्रदर्शन खत्म कर दिया।

Bhopal: सरोजिनी नायडू गर्ल्स स्कूल में बदसलूकी, छात्राओं ने तोड़फोड़ की:प्रदर्शन में 15 छात्राएं बेहोश 8

छात्राएं बोलीं- एक मिनट लेट आने पर देती हैं सजा
प्रदर्शन कर रही छात्रा कुसुम ने कहा, ‘एक मैम हैं, जो एक मिनट भी लेट स्कूल पहुंचने पर बाहर खड़ा कर देती हैं। सभी से गंदा सलूक करती हैं। कहती हैं कि हमसे बहस मत करो। सभी छात्राओं को प्रताड़ित करती हैं। कई बार तो पेरेंट्स को भी स्कूल में नहीं आने दिया जाता।
छात्राओं का कहना है कि स्कूल में लेट आने पर झाड़ू-पोंछा लगवाते हैं। कचरा उठवाते हैं। हमारे हाथ के कड़े रख लेते हैं, वापस भी नहीं करते। इधर-उधर घूमने पर टीसी देने की धमकी देते हैं।

पेरेंट्स बोले- मैडम स्कूल में रहेंगी तो बच्चियों को स्कूल नहीं भेजेंगे

स्कूल में मारपीट की खबर पाते ही कई पेरेंट्स भी पहुंच गए। छात्रा कोमल के मां ने कहा- मेरे पास फोन आया कि स्कूल में मारपीट हो रही है। कोई टीचर मार रही है। मैं तुरंत स्कूल में पहुंची। वहां देखा तो बहुत भीड़ लगी हुई थी। मेरी बेटी की तबीयत खराब हो गई थी। वह बेहोश हो गई थी। उसको तुरंत हॉस्पिटल लेकर आई।
मैडम को सस्पेंड कर दिया है, फिर भी हम उनसे पूछेंगे कि हमारे बच्चों को क्यों मारती हैं। हम बच्चों के पेरेंट्स हैं, हमें भी तो बता सकती हैं न कि क्या दिक्कत है। ऐसी घटना स्कूल में कभी नहीं हुई। यह पहली बार हुआ है। जब तक वह मैडम स्कूल में रहेंगी, हम अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे।

कांग्रेस बोली – बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की हकीकत
पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव ने X हैंडल पर लिखा, ‘भाजपा के राज में छात्राओं, बेटियों, महिलाओं पर अत्याचार जारी। अब मामला भोपाल के सरोजिनी नायडू शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का आया है, जिसमें लेट आने पर छात्राओं से सफाई कराई जाती है। इस मांग को लेकर छात्राओं काे प्रदर्शन करना पड़ा। क्या यही है बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की हकीकत।’

Exit mobile version