Barish: निवाड़ी में मकान ढहा, दंपती और दो बच्चे दबे:भोपाल में लगातार बारिश

भोपाल। प्रदेश में मानसून एक्टिविटी की वजह से भोपाल, गुना,विदिशा और रायसेन में शुक्रवार सुबह से तेज बारिश हो रही है। विदिशा में सड़कों पर 2 फीट तो रायसेन में तीन फीट पानी भर गया। भोपाल में कल शाम से बारिश शुरू हुई, आज लगातार जारी है।

उज्जैन और राजगढ़ में हल्की बारिश हो रही है। रतलाम में गुरुवार रात भारी बारिश का पानी घर-दुकानों में घुस गया। निवाड़ी के पृथ्वीपुर में मकान ढह गया। मलबे में पति-पत्नी और दो बच्चे दब गए। महिला और एक बच्चा गंभीर घायल हैं।

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में भोपाल समेत 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भोपाल संभाग के सीहोर, रायसेन, राजगढ़ के अलावा आगर मालवा, सागर, मंदसौर, नीमच, अशोकनगर और गुना में बाढ़ की चेतावनी जारी की है।

मध्यप्रदेश में अब तक सामान्य 15.2 इंच बारिश हो चुकी है। यह एवरेज से 1% ज्यादा है। प्रदेश के पश्चिमी हिस्से- भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, ग्वालियर-चंबल संभाग में एवरेज से 3% ज्यादा पानी गिर चुका है जबकि पूर्वी हिस्से- रीवा, सागर, जबलपुर और शहडोल संभाग में 1% कम बारिश हुई है। हालांकि, लगातार तेज बारिश होने से आंकड़ा बढ़ रहा है।

इस मानसूनी सीजन में पहली बार पूरा भोपाल एकसाथ तरबतर हो रहा है। गुरुवार को करीब 7 घंटे लगातार बारिश होने के बाद शुक्रवार सुबह से फिर पानी गिर रहा है। कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज यहां भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। भोपाल में अब तक 20 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है।
पिछले 24 घंटे में भोपाल में आधा इंच से ज्यादा बारिश हुई है। कैचमेंट एरिया और कोलांस नदी के लेवल से ऊपर बहने के कारण बड़ा तालाब में पानी का लेवल बढ़ रहा है। शुक्रवार सुबह जलस्तर 1663.30 फीट तक पहुंच गया। इसका फुल टैंक लेवल 1666.80 फीट है। यानी, साढ़े 3 फीट पानी आते ही तालाब फुल हो जाएगा।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles