Bhopal:: हमीदिया अस्पताल में डॉक्टरों पर हमला, हथियार लेकर आईसीयू में घुसे 30-40 लोग, 3 डॉक्टर्स को आईं चोटें

भोपाल। हमीदिया अस्पताल में मरीज के परिजन ने डॉक्टर्स पर हमला कर दिया। मारपीट में तीन डॉक्टर को चोटें आई हैं, इनमें एक जूनियर डॉक्टर को सिर में चोट आई है।
घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे की है। अस्पताल के आईसीयू-3 में मरीज डॉली बाई की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इससे गुस्साए परिजन और वहां मौजूद भीड़ ने ऑन ड्यूटी डॉक्टरों पर हमला कर दिया।
कुछ देर में हथियारों से लैस लोग आए और डॉक्टरों से मारपीट की। इस दौरान आईसीयू में 10 से ज्यादा डॉक्टर मौजूद थे। डॉक्टरों ने इस हमले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की अपील की है।
गांधी मेडिकल कॉलेज के प्रभारी डीन आर.पी. कौशल ने बताया, एक गंभीर मरीज की मौत के बाद परिजन आईसीयू में घुस आए। डॉक्टरों के साथ मारपीट की। तीन डॉक्टर घायल हुए हैं, हालांकि उनकी चोटें गंभीर नहीं हैं। हमने तुरंत घटना की शिकायत कोहफिजा पुलिस से की है।
वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान
हमले के बाद अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है। इस घटना से जुड़े दो वीडियो भी सामने आए हैं। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लोग डॉक्टरों पर हमला कर रहे हैं। वीडियो के आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हुई है।
ड्यूटी डॉक्टर्स ने सीएमओ को लिख पत्र
ड्यूटी डॉक्टर्स ने सीएमओ हमीदिया को पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने बताया, हमीदिया अस्पताल में एक गंभीर घटना हुई है। आईसीयू (H3D) में भर्ती मरीज डॉली बाई की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा हुआ। मरीज को 9 मार्च 2025 को मृत घोषित किया गया था। इसके बाद करीब 30-40 लोगों की भीड़ ने आईसीयू में तैनात डॉक्टरों पर हमला कर दिया। हमलावरों के पास हथियार भी थे, जिससे अस्पताल परिसर में डर का माहौल बन गया।
मामले में जूडा अध्यक्ष डॉक्टर कुलदीप गुप्ता ने कहा, घटना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। हम पहले भी डॉक्टर्स की सुरक्षा को लेकर सीएम, डिप्टी सीएम, पुलिस कमिश्नर और प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र लिख चुके हैं। इससे पहले महिला डॉक्टर की कार में तोड़फोड़ हुई। कई बार यहां परिसर में रात में संदिग्ध लोग घूमते रहते हैं। इसके लिए हमें सुरक्षा दी जानी चाहिए।
