IND vs ZIM: भारत ने जिम्बाब्वे को 100 रन से हराया, अभिषेक शर्मा का तूफानी शतक

भारत ने दूसरे टी 20 मैच में जिम्बाब्वे को 100 रनों से हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। इसमें अभिषेक शर्मा ने तूफानी शतक लगाकर पहले मैच की कमी पूरी कर दी।  हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में दो विकेट पर 234 रन बनाए। इस मैदान पर यह किसी टीम द्वारा जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। 2018 में ऑस्ट्रेलिया ने 229/2 रन बनाए थे। जवाब में जिम्बाब्वे 18.4 ओवर में 10 विकेट पर 134 रन ही बना सकी।

जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मैच से टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू करने वाले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने दूसरे टी20 में दमदार बल्लेबाजी की। अभिषेक ने 47 गेंदों पर सात चौकों और आठ छक्के की मदद से 100 रन बनाए। यह भारत के लिए अभिषेक का पहला शतक है। अभिषेक शनिवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले मैच में शून्य पर आउट हुए थे। इसके साथ ही अभिषेक जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं, जबकि वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम पारियों में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

अभिषेक ने अपनी इस शानदार पारी से कई रिकॉर्ड बनाए। जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के लिए सबसे ज्यादा निजी स्कोर बनाने के अलावा उन्होंने टी20 में सबसे कम पारी में शतक जड़ने के मामले में दीपक हुड्डा को पीछे छोड़ दिया है। अभिषेक ने महज दो गेंदों पर भारत के लिए इस प्रारूप में अपना पहला शतक लगाया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड दीपक हुड्डा के नाम है जिन्होंने अपने तीसरे टी20 मैच में पहला शतक जड़ा था, जबकि केएल राहुल ने अपनी चौथी पारी में यह उपलब्धि हासिल की थी।

छक्के लगाने के मामले में रोहित को पीछे छोड़ा
अभिषेक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में कुल आठ छक्के लगाए और इसके साथ ही एक साल में टी20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। अभिषेक इस साल अब तक 47 छक्के लगा चुके हैं, जबकि हाल ही में अपनी कप्तानी में भारत को टी20 विश्व कप का चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा ने 46 छक्के लगाए हैं। वहीं, अभिषेक ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 137 रनों की साझेदारी की जो जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 में भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ साझेदारी है।

टी20 में भारत के लिए तीसरा सबसे तेज शतक
अभिषेक ने 46 गेंदों पर शतक जड़ा जो भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज शतक है। भारत के लिए इस प्रारूप में कम गेंदों पर शतक जड़ने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 2017 में 35 गेंदों पर सैकड़ा पूरा किया था। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने श्रीलंका के खिलाफ 2023 में 45 गेंदों पर शतक लगाया था। अभिषेक के अलावा केएल राहुल ने भी वेस्टइंडीज के खिलाफ 2016 में 46 गेंदों पर शतक पूरा किया था।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles