Congress : मध्य प्रदेश में नई व्यवस्था, दिल्ली से नियुक्त ऑब्जर्वर करेंगे जिला अध्यक्षों का चयन

भोपाल। कांग्रेस ने गुजरात में जिस तरह जिला अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया शुरू की है, मध्य प्रदेश में भी उसी पैटर्न पर जिला अध्यक्षों के नाम खोजे जाएंगे। एमपी के सभी 55 जिलों में AICC की ओर से हर जिले के लिए एक ऑब्जर्वर नियुक्त किया जा सकता है। एमपी कांग्रेस की ओर से भी ऑब्जर्वर जिला अध्यक्ष के नाम खोजने में मदद करेंगे।
राहुल गांधी ने बीते मंगलवार को अहमदाबाद में कहा- जिला अध्यक्षों को संगठन की नींव बनाएं, शक्ति बनाएं। डिस्ट्रिक्ट कांग्रेस कमेटी और डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट को हम पार्टी की फाउंडेशन बनाने जा रहे हैं। कांग्रेस ने 12 अप्रैल को गुजरात के 33 जिलों और 8 प्रमुख शहरों में पार्टी अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए 42 केंद्रीय और 183 प्रदेश स्तर के पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं।

हर जिले में पार्टी अध्यक्ष चुनने के लिए पांच सदस्यों की समिति बनाई जाएगी। इसमें एक केंद्रीय और चार राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक शामिल होंगे। ये समितियां अपने-अपने जिले का दौरा करेंगी और जिलाध्यक्ष के चयन से पहले स्थानीय नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगी। गुजरात में पूरी प्रक्रिया 45 दिनों में पूरी हो जाएगी

जिला अध्यक्षों में दलित, आदिवासी, ओबीसी अल्पसंख्यकों को प्राथमिकता
एमपी में कांग्रेस के मौजूदा जिला अध्यक्षों की बात करें तो प्रदेश में पार्टी के 72 संगठनात्मक जिलों में से 66 में वर्तमान में जिलाध्यक्ष हैं। 6 जिलों में अध्यक्ष के पद रिक्त हैं। सतना शहर में एक मात्र अल्पसंख्यक वर्ग के मकसूद अहमद अध्यक्ष हैं। सबसे ज्यादा 34 जिला अध्यक्ष सामान्य वर्ग से हैं। अब कांग्रेस जिला अध्यक्षों के चयन में आदिवासी, दलित, ओबीसी, अल्पसंख्यकों और महिलाओं को प्राथमिकता देगी।

6 जिलों में कांग्रेस के अध्यक्ष ही नहीं
कांग्रेस के 72 संगठनात्मक जिलों में से 6 जिलों में अध्यक्षों के पद खाली पड़े हैं। इनमें कटनी, रायसेन, रतलाम ग्रामीण, बैतूल शहर, खंडवा शहर, खंडवा ग्रामीण शामिल हैं। बैतूल में पिछले साल ही शहर और ग्रामीण को अलग किया गया था। रायसेन में तो डेढ़ साल से जिला अध्यक्ष का पद रिक्त है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles