MP: निवेश लाने कोयंबटूर में सीएम यादव, निवेशकों से सीधा संवाद

कोयंबटूर। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज दक्षिण भारत के प्रमुख औद्योगिक केंद्र कोयंबटूर में आयोजित इन्वेस्ट एमपी -इंटरएक्टिव सत्र का दीप प्रज्वलित कर तथा तुलसी के पौधे में जल अर्पित कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए देश-विदेश में उद्योगपतियों से चर्चा कर रहे हैं। निवेशकों को प्रदेश में सभी सुविधाएं दी जाएंगी, जिससे राज्य में अधिक से अधिक निवेश हो और उद्योग लगें।
इंटरएक्टिव सत्र में प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेंद्र कुमार सिंह ने प्रदेश में निवेश प्रोत्साहन और औद्योगिक गतिविधियों के लिए उपलब्ध संरचना और शासन की ओर से सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। प्रमुख सचिव सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग डॉक्टर नवनीत कोठारी ने प्रदेश में एमएसएमई के लिए बन रहे क्लस्टर और विकास संभावनाओं की जानकारी दी। श्री टी इलैया राजा ने प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में गतिविधियों के विस्तार पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को तमिलनाडु राज्य के कोयम्बटूर पहुंचे और वहां उन्होंने एक बेस्ट कार्प फैक्ट्री को देखा। इस दौरान उन्होंने दक्षिण भारत के निवेशकों को मध्य प्रदेश में औद्योगिक इकाइयां प्रारंभ करने का निमंत्रण दिया। कहा कि मध्य प्रदेश में टेक्सटाइल उद्योग में विकास की बहुत संभावनाएं हैं। गुरुवार को कोयम्बटूर में इन्वेस्ट एमपी इंटरैक्टिव सत्र हो रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव दक्षिण भारतीय उद्योगपतियों को संबोधित करने के साथ उनसे मध्य प्रदेश में निवेश के लिए वन-टू-वन चर्चा करने जा रहे हैं। इस सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. यादव उद्योगपतियों को मध्य प्रदेश सरकार की निवेश प्रोत्साहन, नवाचार और सतत विकास की गतिविधियों की जानकारी देंगे। इसके साथ ही टेक्सटाइल एवं गारमेंट, इंजीनियरिंग और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में निवेश के लिए उद्योगपतियों से चर्चा की जाएगी। मध्य प्रदेश में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट फरवरी 2025 में प्रस्तावित है। इसके लिए निवेशकों को आमंत्रित करने और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान तलाशने के प्रयास में प्रदेश सरकार जुटी हुई है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles