कांग्रेस की पलायन रोको नौकरी दो पदयात्रा शुरू

पटना
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर कांग्रेस ने प्रदेश में अपनी गतिविधि तेज कर दिया है। इसके तहत पश्चिम चंपारण के भितिहरवा स्थित गांधी आश्रम से पार्टी की ओर से पलायन रोको नौकरी दो पदयात्रा की जा रही है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार की अगुआई में यह पदयात्रा शुरू की गयी। पहले दिन इसमें कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह समेत कई विधायक, नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा का शुभारंभ करते हुए कन्हैया कुमार ने बिहार सरकार को निशाने पर रखा। कहा कि बिहार के लोगों को हनीमून मनाने के लिए भी राज्य से बाहर जाना पड़ता है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कन्हैया कुमार ने कहा कि हमारे यहां कोई नहीं आता लेकिन हनीमून मनाने के लिए भी बिहार के लोगों को बाहर जाना पड़ता है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, यूपी या अन्य किसी राज्य के लोगों को अपने राज्य में खेतों में काम करते नहीं देख सकते। लेकिन हमारे लोग इन राज्यों में जाकर मजदूरी करते हैं। बिहार का सबसे बड़ा दंश पलायन है। जानबूझकर राजनीति और चुनाव से पलायन के मुद्दे को दूर रखा जाता है ताकि बिहार के नौजवानों को गुमराह किया जा सके। बिहार में अस्थाई नौकरी का मुद्दा भी उन्होंने उठाया। कहा कि इन्हें भी पेंशन का लाभ दिया जाना चाहिए। जब विधायक, मंत्री को पेंशन मिल सकता है तो कर्मियों को क्यों नहीं मिलेगा।
डबल इंजन सरकार पर हमला करते हुए कन्हैया ने कहा कि कहा कि बिहार में न तो नौकरी है, न पढ़ाई और न सुरक्षा। यहां सड़क और अस्पताल भी नहीं है। लोगों को स्थाई नौकरी नहीं मिल रही है। सभी नौकरियां ठेके पर दी जा रही हैं। रोजगार की कमी के कारण युवा पलायन को मजबूर हैं। सरकार लोगों की सुरक्षा में नाकाम है। आपराधिक वारदातों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। रोज लूट व हत्या की घटनाएं हो रही हैं। इसे रोक पाने में सरकार अक्षम है। उन्होंने कहा कि बिहार में हनीमून मनाने की भी कोई जगह नहीं है। इस कारण युवाओं को राज्य से बाहर जाना पड़ रहा है।
भारतीय युवा कांग्रेस व नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में महात्मा गांधी की कर्मभूमि भितिहरवा गांधी आश्रम से पदयात्रा का शुभारंभ करते हुए कन्हैया ने दावा किया कि सरकार की नीतियों से सूबे की जनता परेशान हैं। कांग्रेस पार्टी नफरत की आग को बुझाकर सुदृढ़ बिहार बनाना चाहती है।
उन्होंने लोगों से पदयात्रा से जुड़ने की अपील की। इसके पूर्व कन्हैया ने गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस लोगों को संदेश देगी कि बिहार में बढ़ती बेरोजगारी से उन्हें पलायन को मजबूर होना पड़ रहा है। पदयात्रा दोपहर 230 बजे शुरू हुई। मौके पर थीम पार्क भितिहरवा में राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए राष्ट्रगीत गाया गया और झंडे को सलामी दी गयी।
22 मार्च को सदाकत आश्रम में होगा समापन भितिहरवा गांधी आश्रम से रविवार को शुरू हुई पदयात्रा आगामी 22 मार्च को पटना के सदाकत आश्रम में समाप्त होगी। यह पदयात्रा नरकटियागंज, बेतिया, मोतिहारी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, वैशाली होते हुए 22 मार्च को पटना पहुंचेगी।
Source : Agency