Jammu kashmir की इकलौती महिला मंत्री सकीना ने Bhopal से की थी एमबीबीएस की पढ़ाई, डॉक्टर नहीं बन पाईं, मंत्री बन गईं…

भोपाल। सकीना इत्तू को कश्मीर की इकलौती महिला मंत्री बनाया गया है। सकीना भोपाल से भी ताल्लुक रखती हैं। वह कश्मीर के कुलगाम से विधायक हैं। जानकारी अनुसार सकीना 1994 में भोपाल के गांधी मेडिकल कालेज में एमबीबीएस की पढ़ाई करने आई थीं।

तब वह छात्रावास में रहती थीं। इसी बीच मां की बीमारी का बहाना लेकर उनसे एक महिला मिलने आई थी, लेकिन सकीना ने उनसे मिलने से मना कर दिया था। तब सकीना ने दिल को तसल्ली देने के लिए घर पर एसटीडी काल किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। फिर एक दोस्त को फोन लगाया तो पता चला कि मां बीमार है।

सकीना तब उस महिला के साथ जाने को राजी हो गईं। वो महिला कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की पत्नी थीं। तब दिग्विजय सिंह मप्र के मुख्यमंत्री थे। जब सकीना दिल्ली एय़रपोर्ट पर पहुंची तब फारुख अब्दुल्ला उनका इंतजार कर रहे थे। जम्मू एयरपोर्ट से घर पहुंची तब उनके स्वजन पिता के जनाजे के साथ खड़े थे। तब उन्हें मालूम हुआ था कि पिता को आतंकवादियों ने मार दिया है। पिता जुमे की नमाज पढ़कर बाहर निकले थे।

सकीना पिता के शव के साथ अपने गांव डीएच पोरा लौट रहीं थीं। तभी रास्ते में उन लोगों पर फायरिंग होने लगी। जैसे-तैसे शव घर पहुंचा और फिर पिता को दफनाया। इसके बाद सकीना भोपाल नहीं लौंटी और बीच में ही एमबीबीएस की पढ़ाई छोड़ दी। इसके बाद वह पिता की तरह राजनीति में आ गईं।

Exit mobile version