MP: बुधनी-विजयपुर सीट पर 13 नवंबर को वोटिंग: 23 को उपचुनाव के नतीजे,  बुधनी में रमाकांत- कार्तिकेय मजबूत दावेदार; विजयपुर में रावत के सामने कौन?

भोपाल। प्रदेश की बुधनी और विजयपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को वोटिंग होगी। नतीजे 23 नवंबर को घोषित होंगे। दोनों सीटों के लिए नामांकन 18 से 25 अक्टूबर तक किए जा सकेंगे। स्क्रूटनी 28 अक्टूबर को होगी। वहीं, 30 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

विजयपुर सीट से वन मंत्री रामनिवास रावत का नाम बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर तय है। वहीं, बुधनी के लिए प्रदेश चुनाव समिति ने पांच नामों का पैनल दिल्ली भेजा है। माना जा रहा है कि पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव और वन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष गुरु प्रसाद शर्मा में से किसी एक को टिकट मिल सकता है। दोनों ही केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के करीबी हैं। हालांकि पैनल में उनके बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान का नाम भी है।

कार्तिकेय के साथ संगठन की तरफ से बुधनी भाजपा मंडल अध्यक्ष आशा राम यादव का नाम भी शामिल किया गया है। कांग्रेस की बात करें तो दोनों सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर मंथन चल रहा है। बुधनी में कांग्रेस की तरफ से पांच दावेदार हैं, लेकिन पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश राजपूत के नाम पर मुहर लग सकती है।

Exit mobile version