चंडीगढ़
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली प्रचंड जीत पर खुशी जाहिर की है। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने यह दिखा दिया कि झूठ और फरेब की राजनीति ज्यादा समय तक नहीं चलती। हरियाणा और महाराष्ट्र के बाद अब दिल्ली की जनता ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी की नीतियों में विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विकास के विजन की जीत बताया है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि दिल्ली की पूर्व सरकार ने महिला, किसान और युवाओं समेत हर वर्ग के लोगों को मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित रखा हुआ था। वह सरकार ईमानदारी का नकाब पहन करके बैठी थी, मगर उसकी रग-रग में भ्रष्टाचार था। दिल्ली के लोग पिछले 10 वर्षों से गंदा पानी पीने पर मजबूर थे। सरकार के मुखिया अपनी कमियों को छुपाने के लिए दूसरों पर आरोप लगाने में माहिर थे। उन्हें दिल्ली से नहीं, बल्कि अपने-आप से मतलब है। दिल्ली के लोगों की बजाय उनको सुविधाएं मिलनी चाहिए।
झूठ की राजनीति करने वालों की हुई हार
बेदी ने कहा कि दिल्ली में झूठ की राजनीति करने वालों की हार हुई है। दिल्ली में मिली जीत बीजेपी के कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जिस प्रकार से ट्रांसपेरेंसी के साथ बिना किसी भेदभाव के तमाम राज्यों में बीजेपी की सरकारें काम कर रही है। उसी का परिणाम है कि दिल्ली की जनता ने भी बीजेपी को चुना है। हरियाणा की तरह अब दिल्ली में भी डबल इंजन की सरकार वहां के विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने बीजेपी सरकार बनने को ऐतिहासिक बताया है।
जनता ने दे दिया जवाब
उन्होंने कहा कि दिल्ली में जाने वाले यमुना के पानी को लेकर वहां की तत्कालीन सरकार के मुखिया और नेताओं द्वारा हरियाणा पर आरोप लगाए गए थे। उसका जवाब खुद दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को दे दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बीजेपी सरकार ने लगातार 10 साल तक काम करते हुए हरियाणा को विकास के मामले में एक नई दिशा देने का काम किया है। वैसे ही परिणाम अब दिल्ली में भी देखने को मिलेंगे।
32 विधानसभाओं में किया था जनसंपर्क
बता दें कि हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी की त्रिलोकपुरी विधानसभा में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी लगी थी। इसके साथ ही उन्हें सभी 32 विधानसभा सीटों पर नेताओं के बीच सामन्जस्य बनाने की भी जिम्मेदारी थी। इसके चलते बेदी ने सभी 32 विधानसभाओं में जाकर जनता से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया था। बेदी को मिली त्रिलोकपुरी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के रविकांत ने जीत दर्ज की है।
Source : Agency