Hariyana: कुश्ती खिलाड़ी विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया कांग्रेस में शामिल

नई दिल्ली। कुश्ती खिलाड़ी विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने शुक्रवार को राजनीति में प्रवेश कर लिया। दोनों ने कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की उपस्थिति में कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। इससे पहले विनेश ने रेलवे की अपनी नौकरी से इस्तीफा दिया और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। कांग्रेस में शामिल होने के साथ ही विनेश और बजरंग के हरियाणा विधानसभा चुनाव में उतरने की अटकले लग रही हैं।

कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी महसचिव केसी वेणुगोपाल ने विनेश और बजरंग को पार्टी में शामिल कराया। इस दौरान दोनों से चुनाव लड़ने के बारे में पूछा गया। इस सवाल के जवाब में केसी वेणुगोपल ने कहा कि टिकट का फैसला सीईसी करती है। उसे ही करने दीजिए। वहीं, पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि आज शाम या कल तक स्थिति साफ हो जाएगी।

विनेश फोगाट ने कहा- बुरे टाइम पर पता लगता है कि साथ में कौन है
‘सबसे पहले तो मैं देशवासियों और मीडिया का धन्यवाद करना चाहती हूं। कांग्रेस पार्टी का बहुत धन्यवाद करती हूं कि बुरे टाइम पर पता लगता है कि साथ में कौन है। जब आंदोलन के दौरान हमें सड़क पर घसीटा जा रहा था, तब बीजेपी को छोड़कर देश की हर पार्टी हमारे साथ थी। मैं गर्व महसूस कर रही हूं कि मैं ऐसी पार्टी में हूं, महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय और बुरे बर्ताव के खिलाफ खड़ी है।

बीजेपी ने हमें ये साबित करने की कोशिश की कि हम जले हुए कारतूस हैं, मैं नेशनल खेली। लोगों ने कहा कि मैं बिना ट्रायल दिए ओलिंपिक जाना चाहती हूं, लेकिन मैंने ट्रायल दिया। जो मैंने फेस किया, मैं चाहती हूं कि बाकी खिलाड़ियों को न झेलना पड़े। बजरंग पर चार साल का बैन लगा दिया। ये सिर्फ इसलिए किया, क्योंकि उन्होंने आवाज उठाई। हम जी-जान से काम करेंगे, सिर्फ बात नहीं करेंगे। मैं अपनी बहनों को बताना चाहती हूं कि मैं आपके साथ खड़ी रहूंगी।’

img 20240906 1952227510133707220635132
Hariyana: कुश्ती खिलाड़ी विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया कांग्रेस में शामिल 3

2019 में इन सीटों पर कैसे रहे थे नतीजे?
दादरी और जुलाना दोनों ही जाट बहुल सीटें है। 2019 के विधानसभा चुनाव में दादरी सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार सोमवीर सांगवान ने जीत दर्ज की थी। जाट समुदाय से आने वाले सोमवीर सांगवान ने जजपा के सोमवीर सांगवाग को 14,272 वोट से हराया था। इसी सीट पर भाजपा उम्मीदवार और विनेश की चचेरी बहन बबीता फोगाट तीसरे नंबर पर रहीं थी। दिलचस्प ये है कि सांगवान अब कांग्रेस में आ चुके हैं। सांगवान दादरी सीट से पार्टी से टिकट की दावेदारी पेश कर रहे हैं। उनका दावा है कि पार्टी उन्हें ही टिकट देगी और अगर पार्टी ने टिकट नहीं दिया तो वो एक बार फिर से निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरेंगे।

इसी तरह जुलाना भी जाट बहुल विधानसभा सीट है। 2019 में यहां से जजपा के अमरजीत ढांडा जीते थे। ढांडा एक बार फिर यहां से जजपा उम्मीदवार हैं। उन्होंने इनेलो के परमिंद सिंह को हराया था। परमिंदर 2009 और  2014 में यहां से जीते थे। जुलाना विधानसभा क्षेत्र में विनेश का ससुराल पड़ता है। कहा जा रहा है कि उनके परिवार ने क्षेत्र में अभी से विनेश के लिए समर्थन जुटाने की कवायद शुरू कर दी है।

बजरंग पूनिया के बादली सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें हैं। 2019 में यहां से कांग्रेस के कुलदीप वत्स जीते थे। उन्होंने भाजपा के ओपी धनखड़ को हराया था। धनखड़ 2014 में यहां से विधायक रह चुके हैं। भाजपा ने एक बार फिर से उन्हें बादली सीट से उम्मीदवार बनाया है। वहीं, बजरंग की एंट्री के बाद कुलदीप वत्स का टिकट कटने की अटकलें हैं। वत्स इससे नाराज बताए जा रहे हैं।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles