Hariyana Election: कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी, ओपीएस बहाली, महिलाओं को हर महीने2 हजार, 25 लाख तक फ्री इलाज


चंडीगढ़। हरियाणा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 40 पन्ने का मेनिफेस्टो जारी कर दिया है। इसे चंडीगढ़ में चुनाव ऑब्जर्वर अशोक गहलोत, पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने जारी किया। हालांकि इस दौरान सिरसा सांसद कुमारी सैलजा और राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला गैरहाजिर रहे।
मेनिफेस्टो में कांग्रेस ने दावा किया कि 18 से 60 साल की महिलाओं के खाते में हर महीने खटाखट 2 हजार रुपए आएंगे। लोगों को 25 लाख तक फ्री इलाज मिलेगा। महिलाओं को सरकारी नौकरी में 33त्न आरक्षण देंगे। किसानों की हर पैदावार एमएसपी पर बिकेगी। सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन स्कीम (ओपीएस) बहाल करेंगे।
2 लाख सरकारी नौकरी और सरकारी विभागों में ठेके पर भर्ती बंद होगी। पंजाब-हरियाणा के बीच विवादित सतलुज-यमुना लिंक नहर को लेकर रहेंगे। हरियाणा कौशल रोजगार निगम बंद करेंगे। किसानों से जुड़े पोर्टल बंद करेंगे। परिवार पहचान पत्र पोर्टल को रिव्यू करेंगे। सरकारी नौकरी में खेल कोटा बहाल होगा। शहीद परिवारों को 2 करोड़ की राशि दी जाएगी।
हालांकि सबसे खास बात यह है कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में अग्निवीर को लेकर कोई जिक्र नहीं है। कांग्रेस लगातार चुनाव में अग्निवीर को शहीद का दर्जा न देने और पेंशन छीने जाने का विरोध करती रही है।
हरियाणा में कांग्रेस ने 5 पूर्व विधायकों को निकाला
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बागियों के खिलाफ कार्रवाई की है। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने 5 पूर्व विधायकों सहित 9 नेताओं को कांग्रेस से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इनमें बल्लभगढ़ की पूर्व विधायक शारदा राठौर, पानीपत शहर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रोहिता रेवड़ी, आरक्षित सीट नीलोखेड़ी से पूर्व विधायक राजकुमार वाल्मीकि, हथीन से पूर्व विधायक हर्ष कुमार और तिगांव से पूर्व विधायक ललित नागर के नाम शामिल हैं।
—–
भोपाल में दीनदयाल रसोई के राशन पर डाका, 70 क्विंटल गेहूं चुपके से व्यापारी के यहां पहुंचाया
भोपाल। जिले में गरीबों को पांच रुपये में भरपेट खाना खिलाने वाली दीनदयाल रसोई के राशन पर भी डाका डाला जा रहा है। यहां आने वाले मुफ्त राशन को व्यापारियों को बेचने का मामला सामने आया है। घटना का खुलासा होने के बाद जिला आपूर्ति नियंत्रक मीना मालाकार ने 70 क्विंटल गेहूं जब्त कर रिपोर्ट कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को सौंप दी है।
राजधानी में पांच रसोई केंद्रों को हर महीने गेहूं-चावल मुफ्त दिया जाता है। कोलार स्थित रसोई केन्द्र को आर्य शिक्षा समिति नई दिल्ली संस्था चलाती है। इसे प्रत्येक माह 93 क्विंटल गेहूं और 22 क्विंटल चावल का कोटा जारी किया जाता है। यह राशन खाद्य व नागरिक आपूर्ति निगम से रसोई केंद्र संचालित करने वाली समिति उठाती है। कुछ दिन पहले जब खाद्य विभाग की टीम रसोई केंद्र पहुंची तो, गेहूं मौके पर नहीं मिला था। गेहूं 25 किमी दूर आनंद नगर के व्यापारी राजकुमार चावला के गोदाम में मिला। चावला के भाई करोंद मंडी में गेहूं, चावल का कारोबारी भी हैं।
इस मामले में जब रसोई केंद्र के मैनेजर सुजान सिंह से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि रखने की जगह नहीं होने के कारण राशन वहां रखवाया था। जिला आपूर्ति नियंत्रक का कहना है कि दीनदयाल रसोई योजना का गेहूं व्यापारी के गोदाम में मिलने के बाद रिपोर्ट कलेक्टर को पेश कर दी गई है।
सात वर्ष से दे रहे मुफ्त राशन
दीनदयाल अंत्योदय रसोई योजना की शुरुआत सात अप्रैल 2017 को हुई थी। इसमें प्रदेश के सभी जिलों में रसोई का निर्माण किया है। भोपाल में शाहजहांनाबाद, कोलार, शाहजहांनी पार्क, रत्नागिरी, करोंद और बैरागढ़ में दीनदयाल रसोई का संचालन हो रहा है। जिसके तहत पांच रुपये में भरपेट खाना खिलाया जाता है। कलेक्टर का कहना है कि दीनदयाल रसोई योजना का गेहूं व्यापारी के यहां मिलने के संबंध में रिपोर्ट मिल गई है। अध्ययन करने के बाद इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles