Tata: नोएल होंगे टाटा ट्रस्ट के नए चेयरमैन, रिश्ते में हैं रतन टाटा के भाई

मुंबई। रतन टाटा के निधन के बाद ग्रुप के सबसे बड़े स्टेक होल्डर ‘टाटा ट्रस्ट’ की कमान सौतेले भाई नोएल टाटा को मिल गई है। शुक्रवार को मुंबई में हुई मीटिंग में नोएल के नाम पर सहमति बनी है।नोएल टाटा अपने पारिवारिक संबंधों और ग्रुप की कई कंपनियों में भागीदारी के कारण टाटा की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए एक मजबूत दावेदार थे। नोएल टाटा पहले से ही सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट के ट्रस्टी हैं।

टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट, वोल्टास के चेयरमैन है नोएल

नवल और सिमोन टाटा के बेटे नोएल ट्रेंट, वोल्टास, टाटा इन्वेस्टमेंट और टाटा इंटरनेशनल के चेयरमैन हैं। टाटा स्टील और टाइटन के वाइस चेयरमैन भी हैं।

₹13.8 लाख करोड़ के रेवेन्यू वाले ग्रुप में टाटा ट्रस्ट की 66% हिस्सेदारी

टाटा ट्रस्ट की अहमियत और आकार इस तरह समझ सकते हैं कि यह टाटा ग्रुप की परोपकारी संस्थाओं का समूह है। ये 13 लाख करोड़ रुपए के रेवेन्यू वाले टाटा ग्रुप में 66% की हिस्सेदारी रखता है।

टाटा ट्रस्ट में सर रतन टाटा ट्रस्ट और एलाइड ट्रस्ट और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और एलाइड ट्रस्ट शामिल हैं। गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य देखभाल और शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने वाले ये ट्रस्ट, रतन टाटा की विरासत का अभिन्न अंग हैं।

रतन टाटा के सौतेले भाई

नोएल टाटा, रतन टाटा के सौतेले भाई हैं। दरअसल रतन टाटा के पिता नवल टाटा ने दो शादियां की थीं। नवल टाटा ने पहली शादी सूनी टाटा से की थी, जिनसे उनके दो बेटे रतन टाटा और जिम्मी टाटा हुए। सूनी टाटा से तलाक के बाद नवल टाटा ने स्विट्जरलैंड की एक बिजनेसवमेन सिमोन से साल 1955 में दूसरी शादी की। नवल टाटा और सिमोन टाटा के बेटे ही नोएल टाटा हैं।

नोएल टाटा की शादी आलू मिस्त्री से हुई है, जो टाटा संस में सबसे बड़े एकल शेयरधारक और साइरस मिस्त्री के पिता पालोनजी मिस्त्री की बेटी हैं। दंपति की तीन संतान हैं, जिनमें लीह टाटा, माया टाटा और नेवाइल टाटा शामिल हैं। नोएल टाटा की बेटी लीह टाटा भी टाटा समूह में अपनी पहचान बना रही हैं। स्पेन में प्रतिष्ठित IE बिजनेस स्कूल में मार्केटिंग में अपनी मास्टर डिग्री पूरी की और फिलहाल टाटा समूह के साथ काम कर रही हैं। लीह ने 2006 में ताज होटल्स रिसॉर्ट्स एंड पैलेसेस में सहायक बिक्री प्रबंधक के रूप में अपनी पेशेवर यात्रा शुरू की। पिछले कुछ वर्षों में, वह रैंक में ऊपर उठती गई हैं और वर्तमान में ताज होटल्स में विकास और विस्तार के प्रबंधक के रूप में कार्य करती हैं।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles